मंडी: दाह संस्कार के लिए लकड़ी काट रहे युवक पर गिरा पेड़, मौत
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज की ग्राम पंचायत शरण के गांव सिपन चलौंण में पेड़ की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई है। पेड़ को दाह संस्कार के लिए काटा जा रहा था। युवक की पहचान चतर सिंह पुत्र भगतराम निवासी सिपन चलौंण, थुनाग के रूप में हुई है। युवक हाल ही में जलशक्ति विभाग में जलरक्षक तैनात हुआ था। एसएचओ जंजैहली गोपाल चंद ने घटना की पुष्टि की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिपन चलौंण गांव में सोमवार को गांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई।
इसके दाह संस्कार के लिए गांव के लोग श्मशानघाट के पास जंगल में एक सूखा पेड़ गिरा रहे थे। इसी बीच गांव का युवक चतर सिंह पर पेड़ गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से लोगों में अफरातफरी मच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना के संबंध में परिजनों को सूचित किया। पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ गोपाल चंद ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
No comments