आस्था : टखनों की बीमारी झेल रहे 74 साल के बुजुर्ग ने एक दिन में नापी चूड़धार चोटी
शिमला व सिरमौर के आराध्य देव शिरगुल महाराज के दर्शनों के लिए चूड़धार पर श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है। अनलॉक प्रक्रिया आरंभ होते ही रोजाना भारी संख्या में श्रद्धालु चोटी पर पहुंच रहे हैं। साढ़े 12 हजार फ़ीट ऊंची चोटी पर पहुंचने के लिए दुर्गम जंगल के साथ कठिन चढ़ाई करनी पड़ती है। लेकिन शिरगुल महाराज के प्रति गहरी आस्था रखने वाले श्रद्धालु हर मुश्किल को भेदकर चोटी पर पहुंचते हैं।
आस्था का एक उदाहरण चंजाह गांव के 74 वर्षीय बुजुर्ग ने भी पेश किया है। एक ही दिन में चोटी तक पहुंचने व वापसी का रास्ता तय कर शिरगुल महाराज के प्रति अटूट आस्था का परिचय दिया है।
बातचीत के दौरान 74 वर्षीय दौलत राम राणा ने बताया कि साढ़े 12 हजार फीट की ऊंचाई पार करने का मन काफी लंबे समय से बना लिया था, लेकिन लॉकडाउन के चलते पिछले वर्ष से यह सपना अधूरा रहा था। अनलॉक प्रक्रिया आरंभ होते ही इस वर्ष उन्होंने यह ठान लिया कि अब वो रुकने वाले नहीं हैं।
राणा ने बताया कि कई वर्षों से मेरा यह प्रण था कि भोले नाथ के दर्शन अवश्य करूंगा, चाहे उम्र का कोई भी पड़ाव हो। भले ही उम्र का तकाजा इन पर्वत श्रृंखलाओं की चढ़ाई पार करने में सक्षम नहीं है, फिर भी उद्देश्य को पूरा करने में पीछे हटने का नाम ही नहीं लिया। उन्होंने बताया कि बिजट महाराज संराह के देव स्थल से परिवार के साथ यात्रा आरंभ की और 2 बजे तक चूड़धार मंदिर पहुंचे। दर्शन के उपरांत भोजन ग्रहण किया। इसके बाद वापिस प्रस्थान किया, कोविड चूड़धार में ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं है। धीरे-धीरे गंतव्य तक पहुंचने में कामयाब हुए। रात्रि 12 बजे तक अपने घर हरिपुरधार पहुंचे।
बुजुर्ग ने बताया कि आराध्य देव शिरगुल महाराज की असीम कृपा से यात्रा मंगलमय हो गई। उन्होंने कहा कि मेरे जीवन का सपना साकार हो गया। उम्र का पड़ाव काफी मुश्किलें पैदा कर सकता था और मैं लंबे समय से घुटनों, टखनों की बीमारी झेल रहा हूं। जोड़ों के दर्द की दवा लंबे समय से आईजीएमसी शिमला से से चल रही है, लेकिन भगवान शिव की अपार शक्ति से मैंने सफलतापूर्वक इस पर्वत श्रृंखला को चढ़ने का मुकाम हासिल किया। मैं प्रभु के मात्र दर्शन करने से धन्य हो गया।
उन्होंने बताया कि उम्र का पड़ाव कोई भी हो लेकिन हौंसले हमेशा बुलंद हो। जज्बा और जुनून चाहिए, मुकाम हासिल करने में हमेशा सफलता प्राप्त होती है। ऐसे दृढ़ संकल्प लें, युवाओं को सीख लेने की जरूरत है।
No comments