हिमाचल में मौसम लेगा करवट, विभिन्न जिलों में होगी बारिश !
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार से मौसम बदलेगा मिजाज, क्योंकि मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में वीरवार से बारिश के आसार हैं। चार मैदानी जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। यहां 12 जून से बादल बरसने की संभावना है। 15 जून तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। बुधवार को प्रदेश भर में धूप खिली। ऊना और बिलासपुर का तापमान 40 डिग्री पार हो गया है। गर्मी बढ़ने के साथ ही प्रदेश में उमस भी बढ़ गई है।
वीरवार को सुबह के समय राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहे। दोपहर तक शहर में मौसम साफ हो गया। बुधवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 40.0, कांगड़ा 39.8, हमीरपुर 39.7, चंबा 37.4, सुंदरनगर 37.7, भुंतर 37.2, मंडी 38.1, नाहन 35.4, सोलन 35.0, धर्मशाला 32.6, मनाली 30.0, शिमला 28.3, कल्पा 27.5, केलांग 25.8, डलहौजी 24.8 और कुफरी में 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ
वहीं, प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। मंगलवार रात को प्रदेश के 13 स्थानों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड हुआ। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान ऊना में 29.0 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा हमीरपुर में 27.4, बिलासपुर 27.0, कांगड़ा 26.9, नाहन 25.1, पालमपुर 24.0, सोलन 22.4, सुंदरनगर 24.5, भुंतर 22.6, धर्मशाला 22.4, शिमला 20.6, मंडी 24.0, चंबा 22.8, कल्पा 13.5, मनाली 17.2 और केलांग में 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश में दिन के साथ-साथ रात को भी गर्म मौसम ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।
No comments