Breaking News

मौसम विभाग ने 30 दिसंबर से तीन जनवरी तक येलो अलर्ट किया जारी

30 दिसंबर से तीन जनवरी तक उत्तरी मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा, पंजाब, उत्तरी राजस्थान और एनसीआर दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। इस सीजन में दूसरी बार प्रचंड शीत लहर चलने की पूरी -पूरी संभावनाएं बन रही है।
पिछले दिनों संपूर्ण मैदानी इलाकों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं थी। जिसकी वजह से वातावरण में नमी बढ़ने के कारण इलाके में सुबह-शाम घना कोहरा छाया रहता है। मैदानी राज्यों में भी न्यूनतम व अधिकतम तापमान में काफी गिरावट आई है। इसकी वजह से कंपकंपाती हुई ठंड में बढ़ोतरी हुई है।

राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डा़ चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान मौसमी प्रणाली की वजह से हरियाणा, एनसीआर दिल्ली में बारिश और सीमित स्थानों पर ओलावृष्टि हुई थी। इसकी वजह से हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में सर्द हवाओं ने अपना डेरा जमा लिया है। जिसकी वजह से भारतीय मौसम विभाग द्वारा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और एनसीआर दिल्ली के इलाकों पर 30 दिसंबर से तीन जनवरी तक आरेंज अलर्ट और येलो अलर्ट जारी कर दिए हैं। बृहस्पतिवार को बालसमंद हिसार का न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस, सिवानी मंडी 2.8 डिग्री सेल्सियस और सिरसा का 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हिसार का पांच डिग्री सेल्सियस पंचकूला ओर चंडीगढ़ का 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जिला महेंद्रगढ़ में नारनौल का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा। एक दिन में करीब न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई हैं। जिसकी वजह से आने वाले दिनों में आमजन को शीत लहर से कठिनाइयों से जूझना पड़ेगा।

No comments