Breaking News

हरियाणा में 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी! मिलेंगे मुफ्त टैबलेट

हरियाणा में 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी! मिलेंगे मुफ्त टैबलेट

हरियाणा सरकार नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को जल्दी मुफ्त टैबलेट देगी। स्कूलों के लिए डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की खरीद का टेंडर हो चुका है। टैबलेट खरीद का कार्य जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा। उसके बाद वितरण शुरू करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को यहां 100 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा के लिए प्रशासनिक सचिवों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।

उन्होंने सभी अधिकारियों को परियोजनाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने व परियोजनाओं के लिए परियोजना मूल्यांकन और समीक्षा तकनीक (पीईआरटी) चार्ट बनाने के निर्देश दिए ताकि समयावधि, पूर्ण प्रतिशत और अपेक्षित उद्घाटन तिथि की स्थिति स्पष्ट हो सके। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान में 14 विभागों की 80 से अधिक परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिनमें से आज की समीक्षा बैठक में 6 प्रमुख विभागों की 21 परियोजनाएं समीक्षा के लिए रखी गई हैं।

वर्तमान में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली दो बड़ी परियोजनाएं हैं। सेक्टर-23, पंचकूला में लगभग 133 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) की स्थापना और लगभग 128 करोड़ रुपये की लागत से पीपीपी मोड पर सोनीपत के गांव किलोड़हद में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) की स्थापना का कार्य किया जा रहा है।

वहीँ निफ्ट की स्थापना का सिविल कार्य पूरा हो चुका है। अन्य उपकरणों व सामग्री के लिए टेंडर किए जा चुके हैं। डेली हरियाणा न्यूज़ को बताई गयी जानकारी के अनुसार प्रोजेक्ट को मार्च के अंत तक पूरा करना संभावित है। आईआईआईटी की स्थापना के संबंध में भवन का नक्शा तैयार किया जा चुका है। परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

आईआईआईटी में लगभग 20 प्रतिशत सीटें हरियाणा के छात्रों के लिए आरक्षित हैं। मुख्यमंत्री को बताया गया कि लगभग 235 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर-9, एचएसवीपी फतेहाबाद में 200 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराई है। जल्द ही इसके लिए निविदाएं मांगी जाएंगी।

No comments