Breaking News

हिमाचल के दो जवान शहीद, 23 साल की उम्र में देश के लिए कुर्बान हुए अमित

हिमाचल के दो जवान शहीद, 23 साल की उम्र में देश के लिए कुर्बान हुए अमित

जम्मू-कश्मीर में हुए एक हादसे में सेना के 3 जवान शहीद हो गए हैं। शहीद होने वाले 3 जवानों में 2 जवान हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर व ऊना जिले से हैं जबकि एक जम्मू से है। भारतीय सेना की तरफ से यह जानकारी दी गई है। जानकारी के अनुसार कुपवाड़ा के माछिल सैक्टर में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बर्फीले इलाके में गश्त के दौरान वाहन बर्फ में फिसलने के बाद खाई में गिर गया और उसमें सवार 3 जवान शहीद हो गए। तीनों जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश के शहीद हुए जवानों की पहचान हवलदार अमरीक सिंह (39) निवासी गांव गणु मंदवाड़ा, डाकघर मारवाड़ी, तहसील घनारी, जिला ऊना व अमित शर्मा (23) निवासी तलासी खुर्द, डाकघर किरवीं, हमीरपुर के तौर पर हुई है। हमीरपुर के सिपाही अमित शर्मा 4 साल पहले ही फौज में भर्ती हुई थी। वर्ष 2019 में उन्होंने सेना ज्वाइन की थी। वह अपने पीछे अपने माता पिता छोड़ गए हैं। वहीं ऊना के हवलदार अमरिक सिंह वर्ष 2001 में सेना में भर्ती हुए थे। उनका 11 साल का एक बेटा है। वह अपने पीछे बेटे और पत्नी को छोड़ गए हैं। हिमाचल से सम्बन्धित दोनों जवान डोगरा रैजीमैंट की 14वीं बटालियन के थे |

इसके अलावा तीसरे जवान की पहचान नायब सूबेदार पुरुषोत्तम कुमार निवासी गांव मजुआ उत्तमी, डाकघर रायका, तहसील बिश्नाह जिला जम्मू के रूप में हुई है। वह 43 साल के थे और 1996 में सेना में भर्ती हुए थे। वह अपने पीछे पत्नी व 2 बच्चे छोड़ गए हैं। घटना के बाद से जवानों के घरों पर मातम छाया हुआ है।

No comments