दो साल में डबल लेन होगा जोत मार्ग: विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने हिमालयन पब्लिक स्कूल चुवाड़ी के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि की शिरकत
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा है कि द्रम्मण-सिहुंता-लाहडू-जोत-चंबा मार्ग को जल्द राष्ट्रीय उच्च मार्ग का दर्जा दिलाया जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि अगले दो वर्षों के दौरान जोत तक डबल लेन सडक़ बने।
उन्होंने आकांक्षी जिला चंबा में विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जिला मुख्यालय के साथ सभी उपमंडल की बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर टनल और रोपवे निर्माण के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वह रविवार को हिमालयन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल चुवाड़ी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। विधानसभा अध्यक्ष ने होली-उतराला और चंबा-तीसा-किलाड़ मार्ग में सुरंग निर्माण के लिए प्रयास करने की बात भी कही।
उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा क्षेत्र भटियात के सभी गांव को सडक़ सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए एक विशेष कार्य योजना के तहत व्यवस्था सुनिश्चित बनाई जा रही है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग की तर्ज पर आगामी समय में भटियात में जल शक्ति और वन विभाग के मंडल स्तरीय कार्यालय भी खोले जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र के उत्थान में शिक्षा की अहम भूमिका को भली-भांति समझते हुए प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में ढांचागत विकास पर बल दे रही है। इसके अलावा स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे पहले स्कूल के अध्यक्ष दिनेश शर्मा और प्रधानाचार्य वंदना शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट भी पढ़ी। उन्होंने स्कूल द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों बारे विस्तृत जानकारी दी।
कुलदीप सिंह पठानिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूल के विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए मुख्यातिथि ने हिमालयन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल चुवाड़ी को 21 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर एसडीएम सुनील कैंथ, उप पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार, तहसीलदार सुमन धीमान, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग राकेश ठाकुर, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पुरी, कांग्रेस ब्लॉक कमेटी अध्यक्ष राम सिंह चंबयाल, अभिभावक व नगर पंचायत के अलावा विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
No comments