Breaking News

पंजाब ने मुंबई को 13 रन से हराया, अर्शदीप ने आखिरी ओवर में स्टंप उखाड़े

पंजाब ने मुंबई को 13 रन से हराया, अर्शदीप ने आखिरी ओवर में स्टंप उखाड़े

Mumbai Indians vs Punjab Kings IPL: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वे सीजन का 31वां मुक़ाबला मुंबई इंडियंस (MI) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला जा रहा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में पंजाब किंग्स कप्तान सैम करन और हरप्रीत सिंह भाटिया के बेहतरीन बल्लेबाजी की मदद से मुंबई इंडियंस को 215 रन का लक्ष्य दिया है।

पंजाब किंग्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 214 रन बनाए हैं। टीम के लिए कप्तान सैम करन ने अर्धशतक लगाया है। करन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंद पर 55 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने चार सिक्स और पांच चौके लगाए। वहीं मुंबई के लिए पीयूष चावला ने 15 रन देकर दो विकेट झटके हैं।

पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को तीसरे ही ओवर में पहला झटका लगा। कैमरन ग्रीन ने मैथ्यू शॉर्ट को पीयूष चावला के हाथों कैच कराया। शॉर्ट 10 गेंदों में 11 रन बना सके। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और अथर्व तायदे ने मिलकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। दोनों युवा बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़े।

सातवें ओवर में अर्जुन तेंदुलकर गेंदबाजी के लिए आए और मैच में अपने पहले ही ओवर में मुंबई को सफलता दिलाई। ओवर की चौथी गेंद पर अर्जुन ने बेहतरीन यॉर्कर पर प्रभसिमरन सिंह को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। प्रभसिमरन 17 गेंदों पर एक चौका और दो सिक्स की मदद से 26 रन बना सके। यह वानखेड़े में अर्जुन का पहला विकेट रहा। वहीं, आईपीएल में यह अर्जुन का दूसरा विकेट रहा।

10वें ओवर में पंजाब को दो झटके लगे। पीयूष चावला ने पंजाब की टीम को इस ओवर में दो झटके दिए। उन्होंने पहले लियाम लिविंगस्टोन को अपनी फिरकी में फंसाया और उन्हें विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों स्टंप कराया। पीयूष ने जैसे ही देखा कि लिविंगस्टोन आगे निकल रहे हैं तो उन्होंने वाइड गेंद फेंक दी और ईशान ने स्टंप किया। लिविंगस्टोन 12 गेंदों में 10 रन बना सके। इसके बाद चौथी गेंद पर अथर्व तायदे को क्लीन बोल्ड किया। वह 17 गेंदों में 29 रन बना सके।

16वें ओवर में अर्जुन तेंदुलकर गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने 31 रन लुटा दिए। सैम करन और हरप्रीत सिंह भाटिया क्रीज पर थे। इस ओवर में अर्जुन की पहली गेंद पर सैम करन ने सिक्स लगाया। इसके बाद दूसरी गेंद वाइड रही। दूसरी लीगल गेंद पर सैम करन ने चौका लगाया। तीसरी गेंद पर सैम ने एक रन लिया। चौथी गेंद पर हरप्रीत ने चौका लगाया। अर्जुन की पांचवीं गेंद पर हरप्रीत ने सिक्स लगाया। छठी गेंद पर अर्जुन ने नो बॉल फेंकी। यह गेंद चौके के लिए चली गई और पंजाब को पांच रन मिले। इसके बाद आखिरी लीगल डिलीवरी पर अर्जुन ने चार रन दिए। इस तरह इस ओवर से 31 रन आए। इस तरह अर्जुन ने इस मैच में तीन ओवर में 48 रन लुटाये और एक विकेट लिया।

18वें ओवर में पंजाब को पांचवां झटका लगा। हरप्रीत सिंह भाटिया 28 गेंदों पर चार चौके और दो सिक्स की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए। कैमरन ग्रीन ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। हरप्रीत ने सैम के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 52 गेंदों में 90 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए जितेश शर्मा ने ग्रीन की लगातार दो गेंदों पर दो सिक्स लगाए। कैमरन के 18वें ओवर से 25 रन आए।

इसके बाद 19वें ओवर में कप्तान सैम करन ने चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया। यह सैम के आईपीएल करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने 26 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। सैम आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। उन्हें पंजाब ने 18.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने सैम करन का कैच अपनी ही गेंद पर लपका।

इसके बाद आखिरी ओवर में जितेश शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 7 गेंद पर 25 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जेसन बेहरनडॉर्फ ने क्लीन बोल्ड किया। मुंबई इंडियंस के लिए पीयूष चावला के अलावा कैमरन ग्रीन ने दो, जोफ्रा आर्चर, जेसन बेहरनडॉर्फ और अर्जुन तेंदुलकर ने एक-एक विकेट झटके।

No comments