मेडिकल साइंस का बड़ा चमत्कार, सूअर की किडनी ने 9 महीने तक बचाया जीवन, अब इंसानी किडनी ट्रांसप्लांट से मिला नया जीवन.
66 साल के टिम एंड्रयूज को जनवरी 2025 में जेनिटिकली बदली गई सूअर की किडनी ट्रांसप्लांट की गई थी। यह किडनी उनके शरीर में 271 दिन तक काम करती रही। इस दौरान उन्हें डायलिसिस की जरूरत नहीं पड़ी।
बाद में जब सूअर की किडनी ने काम करना कम कर दिया तो डॉक्टरों ने उसे निकाल दिया। टिम को कुछ समय फिर डायलिसिस पर रहना पड़ा और आखिरकार जनवरी 2026 में उन्हें एक मृत मानव डोनर की किडनी मिल गई। खास बात यह रही कि इंसानी किडनी ने तुरंत काम करना शुरू कर दिया।
आखिर डॉक्टरों ने इंसान में सूअर की किडनी क्यों लगाई?
दरअसल, किडनी फेलियर के अंतिम चरण में पहुंच चुके मरीजों के लिए ट्रांसप्लांट जिंदगी बदल सकता है। लेकिन समस्या यह है कि जरूरत के मुकाबले इंसानी डोनर किडनी बहुत कम हैं।
इसी कमी को दूर करने के लिए साइंटिस्ट xenotransplantation यानी किसी जानवर के अंग को इंसान में ट्रांसप्लांट करने की तकनीक पर काम कर रहे हैं।
सूअर के अंग आकार और शरीर की वर्किंग के लिहाज से इंसानों के लिए उपयुक्त माने जाते हैं। लेकिन एक बड़ी समस्या है- इंसान का इम्यून सिस्टम सूअर के अंग को बाहरी चीज समझकर उस पर हमला कर सकता है। इसलिए यहां साधारण सूअर की किडनी इस्तेमाल नहीं की गई थी।
69 जेनेटिक बदलाव वाली थी यह किडनी
टिम एंड्रयूज को जो किडनी दी गई, वह genetically modified Yucatan miniature pig से ली गई थी। इस किडनी में कुल 69 genomic edits किए गए थे। इन बदलावों का मकसद इंसानी शरीर में किडनी के खिलाफ होने वाली इम्यून रिएक्शन को कम करना और इन्फेक्शन के खतरे को घटाना था।
साइंटिस्ट ने सूअर के तीन ऐसे प्रमुख glycan antigens हटाए जो इंसानी एंटिबॉडी को एक्टिव कर सकते हैं। इसके अलावा 7 ह्यूमन जीन्स जोड़े गए, ताकि किडनी इंसानी इम्यून सिस्टम के साथ ज्यादा कम्पैटिबल हो सके।
साथ ही सूअर के porcine endogenous retroviruses यानी PERVs को निष्क्रिय किया गया। ताकि सूअर से इंसान में वायरस पहुंचने का जोखिम कम किया जा सके।
271 दिन तक नहीं पड़ी डायलिसिस की जरूरत
ट्रांसप्लांट के बाद सूअर की किडनी ने तुरंत काम करना शुरू कर दिया। टिम 271 दिनों तक डायलिसिस से दूर रहे। किडनी फेलियर वाले मरीजों को आमतौर पर हफ्ते में कई बार डायलिसिस करानी पड़ सकती है। ऐसे में 271 दिनों तक उससे छुटकारा मिलना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। आगे चलकर सूअर की किडनी के काम करने की क्षमता गिरने लगी। इस वजह से डॉक्टर्स को उसे निकालना पड़ा।
फिर मिली इंसान की किडनी
सूअर की किडनी निकालने के बाद टिम को कुछ समय के लिए दोबारा डायलिसिस पर जाना पड़ा। फिर जनवरी 2026 में उन्हें एक मृत डोनर की इंसानी किडनी ट्रांसप्लांट की गई।
यहां भी एक बेहद महत्वपूर्ण बात सामने आई। इंसानी किडनी ने तुरंत काम करना शुरू कर दिया। डॉक्टर्स को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला कि पहले सूअर की किडनी लगने की वजह से टिम के शरीर ने मानव किडनी को अस्वीकार करने की तैयारी कर ली थी।
क्या इंसान में सूअर की किडनी पहली बार लगी?
मार्च 2024 में Massachusetts General Hospital ने पहली बार genetically modified pig kidney को एक जीवित इंसान में ट्रांसप्लांट किया था। उस मरीज की 52 दिनों बाद हृदय संबंधी कारणों से मौत हो गई थी। उस समय रिपोर्ट के मुताबिक पिग किडनी काम कर रही थी।
क्या अब डायलिसिस की जरूरत खत्म हो जाएगी?
अगर भविष्य में जेनेटिकली मॉडिफाइड पिग किडनी सुरक्षित और लंबे समय तक काम करने लायक बनती हैं, तो इससे उन मरीजों को बड़ी मदद मिल सकती है जिन्हें मानव किडनी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
WHO के मुताबिक दुनियाभर में हर साल 1.5 लाख से ज्यादा solid-organ transplants होते हैं, लेकिन इसकी उपलब्धता 10 प्रतिशत से भी कम है।
भारत में भी ऑर्गन शॉर्टेज एक बड़ी चुनौती है। NOTTO के आंकड़ों के मुताबिक 2024 में भारत में 18,911 ऑर्गन ट्रांसप्लांट हुए थे, जिनमें 3,403 मृत डोनर से जुड़े थे। जनवरी से सितंबर 2024 के बीच ही भारत में 10,140 किडनी ट्रांसप्लांट दर्ज किए गए थे। इनमें बड़ी संख्या लिविंग डोनर्स की थी।
ऐसे में भविष्य में जेनेटिकली मॉडिफाइड पिग किडनी उपलब्ध होना मरीजों के लिए एक ऑर्गन सोर्स बन सकता है।
सभी के मन में एक सवाल
टिम एंड्रयूज का मामला दिखाता है कि सूअर की किडनी का ट्रांसप्लांट (जेनोटांसप्लांटेशन) भविष्य में मरीजों के लिए एक 'ब्रिज' का काम कर सकता है, जो इंसानी किडनी मिलने तक उन्हें जीवित रखे और डायलिसिस से बचाए। टिम के शरीर में सूअर की किडनी 271 दिनों तक काम करने के बाद ब्लड वेसल्स में डैमेज और इन्फ्लेमेशन के कारण निकालनी पड़ी, जिसके बाद उन्हें सफलतापूर्वक इंसानी किडनी लगाई गई। इस प्रयोग ने नई उम्मीद जरूर जगाई है, लेकिन अभी भी इम्यून रिजेक्शन, इन्फेक्शन और लंबे समय तक इसके सुरक्षित इस्तेमाल से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलना बाकी हैं। इसलिए इसे फिलहाल एक रूटीन इलाज मानना जल्दबाजी होगी।
डिस्क्लेमर: यह खबर सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के लिए है। किसी भी बीमारी या ट्रांसप्लांट से जुड़ी जानकारी के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लें।
No comments