फटी एड़ियों से हैं परेशान? पेडिक्योर के दौरान इस्तेमाल करें ये चीजें, पैरों की देखभाल होगी आसान
अगर समय रहते कारणों को नहीं समझा गया, तो एड़ियों में दर्द, जलन और खून तक आने लगता है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आखिर मोजे पहनने के बाद भी एड़ियां क्यों फट रही हैं और पेडिक्योर के दौरान किन चीजों का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है.
सबसे पहली वजह है पैरों की अत्यधिक ड्रायनेस. जब त्वचा में नमी की कमी हो जाती है, तो एड़ियों की स्किन सख्त और मोटी होने लगती है. सिर्फ मोजे पहन लेने से नमी वापस नहीं आती, खासकर तब जब आप मॉइस्चराइजर या फुट क्रीम का सही इस्तेमाल नहीं करते. दूसरी बड़ी वजह है लंबे समय तक खुले या हार्ड सोल वाले जूते पहनना. ऐसे जूते एड़ियों पर लगातार दबाव डालते हैं, जिससे स्किन फैलती है और धीरे-धीरे फटने लगती है.
तीसरी वजह गलत फुट केयर रूटीन हो सकती है. कई लोग हफ्तों तक पैरों को ठीक से साफ नहीं करते या पेडिक्योर बहुत कम करवाते हैं. वहीं कुछ लोग जरूरत से ज्यादा हार्ड फुट स्क्रबर या ब्लेड का इस्तेमाल करते हैं, जिससे स्किन और ज्यादा ड्राय हो जाती है. चौथी वजह पानी की कमी है. शरीर में जब हाइड्रेशन कम होता है, तो इसका असर सबसे पहले त्वचा पर दिखता है, खासकर पैरों की मोटी स्किन पर.
पांचवीं वजह पोषण की कमी से जुड़ी है. अगर आपकी डाइट में विटामिन A, E, B कॉम्प्लेक्स, जिंक और ओमेगा-3 फैटी एसिड की कमी है, तो त्वचा खुद को रिपेयर नहीं कर पाती. इससे एड़ियां जल्दी फटने लगती हैं. छठी वजह डायबिटीज या थायरॉइड जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं. इन बीमारियों में ब्लड सर्कुलेशन और स्किन रिपेयर प्रोसेस धीमा हो जाता है, जिससे फटी एड़ियों की समस्या लंबे समय तक बनी रहती है.
सातवीं वजह ज्यादा देर तक खड़े रहना या मोटापा भी हो सकता है. शरीर का ज्यादा वजन सीधे एड़ियों पर दबाव डालता है, जिससे स्किन फैलती है और दरारें पड़ने लगती हैं.
आठवीं वजह मौसम और वातावरण से जुड़ी है. ज्यादा ठंड, ड्राई हवा या लगातार एसी में रहना भी पैरों की नमी छीन लेता है, जिससे मोजे पहनने के बाद भी एड़ियां ठीक नहीं हो पातीं.
अगर पेडिक्योर की बात करें, तो इसमें कुछ खास चीजों का इस्तेमाल बहुत जरूरी है. सबसे पहले गुनगुने पानी में पैरों को भिगोना चाहिए, जिसमें थोड़ा सा नमक या नींबू का रस मिलाया जा सकता है. इससे डेड स्किन सॉफ्ट होती है. इसके बाद माइल्ड फुट स्क्रबर या प्यूमिक स्टोन का हल्के हाथ से इस्तेमाल करें. ज्यादा रगड़ने से बचें. पेडिक्योर के बाद यूरिया, शिया बटर, ग्लिसरीन या लैक्टिक एसिड वाली फुट क्रीम जरूर लगाएं. रात में क्रीम लगाने के बाद कॉटन के मोजे पहनना ज्यादा असरदार होता है. फटी एड़ियों से छुटकारा पाने के लिए सिर्फ मोजे पहनना काफी नहीं है. सही फुट केयर, संतुलित आहार, पर्याप्त पानी और सही पेडिक्योर आदतें अपनाने से ही एड़ियां मुलायम और हेल्दी बन सकती हैं. अगर समस्या ज्यादा गंभीर हो, तो डॉक्टर की सलाह लेना भी जरूरी है.
No comments