जब मुख्यमंत्री लालू यादव 'जेम्स बॉन्ड' की तरह खुद ही निकल पड़े थे अगवा लड़की की तलाश में, फिर क्या हुआ?
नौकरशाही पर अंकुश रखने के लिए उन्होंने लापरवाह अफसरों पर सीधे प्रहार किया। लालू यादव के कहने पर तत्कालीन संसदीय कार्य मंत्री रघुनाथ झा ने विधानसभा में 31 वैसे IAS अधिकारियों के नाम पढ़ कर सुनाये थे, जिन पर प्रथमदृष्टया गड़बड़ी के आरोप थे। शासन के लक्ष्य पाने के लिए कभी कभी मुख्यमंत्री लालू यादव वैसे काम भी करने लगते थे, जो उनके मातहत अधिकारियों के लिए निर्धारित था। एक बार वे 'जेम्स बॉन्ड' की तरह जासूस की भूमिका में आ गये थे।
वायरलेस पर संदेश, CM लालू यादव खुद निकल पड़े लड़की को बचाने
अगस्त 1990 की बात है। मुख्यमंत्री लालू यादव अपने आवास में थे। उनके पास ही उनका सुरक्षाकर्मी खड़ा था। तभी उन्होंने गार्ड के वायरलेस सेट पर एक कॉल सुनी, जिसमें आपातकालीन सहायता के लिए गुहार लगायी जा रही थी। संदेश था कि एक लड़की को अगवा कर सफेद रंग की मारुति कार, पटना स्टेशन रोड की तरफ बढ़ रही है। यह कॉल सुन कर मुख्यमंत्री लालू यादव ने बिना वक्त गंवाए लड़की को को खुद ही बचाने का फैसला किया।
CM कार की लाल बत्ती और साइरन बंद, जासूस की तरह पीछा
सीएम लालू यादव ने अपने ड्राइवर को गाड़ी निकालने के लिए कहा। उन्होंने ड्राइवर से कहा कि लाल बत्ती और हूटर बंद कर दे। पायलट कारों का भी सायरन बंद कर दिया गया। मुख्यमंत्री किसी जासूस की तरह बहुत गुप्त तरीके से संदिग्ध कार का पीछा करना चाहते थे। उन्होंने अपने ड्राइवर को उस दिशा में कार दौड़ाने के लिए कहा जैसा कि कॉल में उसकी लोकेशन बतायी गयी थी। मुख्यमंत्री लालू यादव की कार तेजी से स्टेशन रोड की तरफ बढ़ने लगी। कुछ दूर जाने पर एक सफेद मारुति कार दिखायी पड़ी।
एक सफेद कार मिली तो, लेकिन उसमें जनता दल के सांसद सवार थे
लालू यादव ने अपने ड्राइवर को सफेद कार को इस तरह से ओवरटेक करने के लिए कहा, ताकि उसे आखिरी समय तक रोके जाना के अंदाजा न हो। मुख्यमंत्री की कार ने फिल्मी अंदाज में सफेद मारुति कार को रोक लिया। मारुति कार में बैठे लोग इस तरह अचानक कार को रोके जाने से हड़बड़ा गये। मुख्यमंत्री की कार की लाल बत्ती जल तो नहीं रही थी, लेकिन ऊपर लगी हुई थी। लाल बत्ती देख कर मारुति कार में बैठे एक सज्जन बाहर आये। बाकी लोग अंदर ही रहे। लालू यादव यह देख कर चौंक गये कि अरे ये तो उनके अपने ही जनता दल के सांसद देवेन्द्र प्रसाद यादव हैं।
एक और कार रोकी लेकिन उसमें वकील बैठे थे
लालू यादव ने उनसे बाद में बात करने की बात कह कर अपने ड्राइवर से कहा, कार आगे उसी दिशा में बढ़ाओ, लड़की अभी मिली नहीं है। मुख्यमंत्री की कार फिर फर्राटा भरने लगी। कुछ दूर आगे जाने पर एक और सफेद मारुति कार नजर आयी। उस कार को भी रोका गया। लेकिन उसमें एक वकील सवार थे। पटना की भीड़भाड़ वाली सड़क पर मुख्यमंत्री लालू यादव की कार बिना लाल बत्ती और बिना साइरन के इधर से उधर घूमती रही, लेकिन वह लड़की नहीं मिली। मुख्यमंत्री ने पहली बार व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया कि कैसे कोई अपराधी पुलिस को चकमा देता है।
No comments