नौकरीपेशा लोगों की मौज! मोदी सरकार के नए लेबर कोड ने बदल दिए सैलरी मिलने के सारे नियम

अगर आप भी एक नौकरीपेशा इंसान हैं, तो यह खबर आपके चेहरे पर मुस्कान ले आएगी। केंद्र सरकार के नए लेबर कोड (New Labour Code) के तहत सैलरी और भुगतान से जुड़े नियमों को पहले से कहीं ज्यादा सख्त और साफ कर दिया गया है। ‘कोड ऑन वेजेज’ के इन नए नियमों के मुताबिक, अब कंपनियों को तय समय पर ही कर्मचारियों के खाते में पैसे भेजने होंगे, वरना उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। आइए जानते हैं इन नए नियमों की 5 सबसे बड़ी और जरूरी बातें।
सभी कर्मचारियों को मिलेगा समय पर वेतन का अधिकार
पुराने नियमों के तहत सैलरी भुगतान से जुड़े कई प्रावधान केवल एक तय वेतन सीमा तक के कर्मचारियों पर ही लागू होते थे। लेकिन नए ‘कोड ऑन वेजेज’ के आने के बाद यह नियम देश के सभी कर्मचारियों पर समान रूप से लागू होगा, चाहे उनकी सैलरी कम हो या फिर ज्यादा। इसका सीधा मतलब यह है कि अब हर एक कर्मचारी को समय पर सैलरी मिलने का कानूनी अधिकार मिल गया है।
जानिए कब तक चुकानी होगी कंपनियों को सैलरी?
नए नियमों के अनुसार कर्मचारियों की सैलरी के भुगतान के लिए स्पष्ट समयसीमा तय कर दी गई है:मास्क सैलरी: जिन कर्मचारियों को महीने के हिसाब से वेतन मिलता है, उन्हें हर हाल में अगले महीने की 7 तारीख से पहले सैलरी मिल जानी चाहिए।
साप्ताहिक वेतन: हफ्ते के हिसाब से पैसे पाने वालों को सप्ताह के आखिरी कार्य दिवस तक भुगतान करना होगा।
15 दिन के आधार पर: जो कर्मचारी पखवाड़े (15 दिन) के आधार पर काम करते हैं, उन्हें अवधि खत्म होने के दो दिन के भीतर पैसा देना होगा।
दैनिक वेतनभोगी: रोज मजदूरी या दिहाड़ी पर काम करने वाले मजदूरों को काम खत्म होने के ठीक उसी दिन भुगतान करना अनिवार्य होगा।
नौकरी छोड़ने पर सिर्फ 2 दिन में मिलेगा पूरा हिसाब
अगर कोई कर्मचारी खुद इस्तीफा देता है, कंपनी उसे नौकरी से निकालती है या फिर उसकी सेवाएं किसी भी कारण से समाप्त की जाती हैं, तो कंपनियों को अब महीनों इंतजार नहीं करवाना होगा। नए नियम के मुताबिक, कंपनी को नौकरी छूटने के दो कार्य दिवस (Working Days) के भीतर ही कर्मचारी का पूरा बकाया वेतन, बची हुई छुट्टियों का पैसा और अन्य सभी देय राशि का पूरा भुगतान करना होगा। इस नियम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को अपने ही पैसों के लिए लंबे समय तक धक्के खाने से बचाना है।
देरी करने वाली कंपनियों पर होगी सख्त कार्रवाई
यदि कोई कंपनी समय पर वेतन नहीं देती है या बिना किसी वैध अनुमति के कर्मचारी की सैलरी से अवैध कटौती करती है, तो कर्मचारी इसके खिलाफ खुलकर शिकायत दर्ज करा सकता है। सरकार इसके लिए ‘इंस्पेक्टर-कम-फैसिलिटेटर’ नियुक्त करेगी, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि हर कंपनी इन नियमों का पूरी तरह पालन करे।
कर्मचारी अपनी शिकायत घटना के तीन साल के भीतर दर्ज करा सकता है। यदि जांच के बाद अधिकारी कंपनी को बकाया वेतन या मुआवजा देने का आदेश देते हैं और फिर भी कंपनी भुगतान नहीं करती है, तो सरकार उस पैसे की वसूली सीधे ‘भूमि राजस्व’ की तरह सख्त कानूनी तरीके से करेगी।
नया कोड ऑन वेजेज पुराना ‘पेमेंट ऑफ वेजेस एक्ट 1936’ सहित वेतन से जुड़े कई अलग-अलग और पुराने कानूनों की जगह लेने वाला एक एकीकृत कानून है। इसमें सबसे बड़ा बदलाव यह आया है कि समय पर वेतन देने और गलत कटौती न करने के नियम अब हर कर्मचारी पर लागू होते हैं, चाहे उसकी सैलरी कितनी भी हो।
इसके अलावा, अब सभी कंपनियों के लिए अपने कर्मचारियों को वेतन पर्ची (Salary Slip) देना भी पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है, जिसे डिजिटल या कागज दोनों रूपों में दिया जा सकता है। साथ ही, कंपनियों द्वारा वेतन से की जाने वाली कटौतियों के लिए भी बहुत ही स्पष्ट और कड़े नियम बनाए गए हैं।
No comments