कांग्रेस का झंडा उठाए शख्स बोला, SIR सही है; बिहार-दिल्ली में थे मेरे दो वोट; 4 वोटर कार्ड वाला भी सामने आया
अब एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उसने दिल्ली का वोटर रहना स्वीकार किया और बिहार से नाम कटवा लिया है। एसआईआर के समर्थक और कई भाजपा नेता अब इस वीडियो को शेयर करके कांग्रेस को घेर रहे हैं। लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स अपना नाम मोहम्मद सैफ बताता है। सैफ कांग्रेस का झंडा कंधे पर लिए दिख रहा है। वीडियो में हो रही बातचीत के मुताबिक यह वीडियो एसआईआर के खिलाफ राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन के दौरान का है। सैफ से जब एक यूट्यूबर ने एसआईआर का मतलब पूछा तो वह कहता है, 'एसआईआर का मतलब है कि तुम कहां के रहने वाले हो, बिहार के या दिल्ली के। मैंने फॉर्म भरकर दे दिया था कि मैं दिल्ली में रहता हूं और दिल्ली में ही रहने वाला हूं।'
वह बताता है कि उसका वोट बिहार और दिल्ली दोनों जगह था, लेकिन अब एक कट गया है। यह पूछे जाने पर कि यदि दो कार्ड हैं, दिल्ली और बिहार दोनों जगह के तो एक तो कटना चाहिए ना? सैफ कहता है, 'यह बात सही है। कहीं एक जगह का तो हटना चाहिए। एसआईआर सही है। एक जगह नाम होना चाहिए।' भाजपा के प्रवक्ता शिवम त्यागी ने तंज कसते हुए कहा, 'मोहम्मद सैफ राहुल गांधी का कार्यकर्ता है उसके दिल्ली और बिहार दोनों जगह वोट थे लेकिन SIR में उसका बिहार का वोट कट गया। इस कारण वो नाराज है और SIR के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है।'
4 वोटर कार्ड वाला शख्स भी वायरल
इस बीच एक और शख्स का वीडियो वायरल हो रहा है जो वीडियो में दावा करता दिख रहा है कि उसके चार जगहों पर वोटर कार्ड बने हुए थे। जनता दरबार नाम के यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में शख्स कहता है कि देहरादून, जयपुर, दिल्ली समेत 4 जगहों के वोटर कार्ड बने हुए थे और एसआईआर में तीन जगहों से नाम कट गए और एक ही बचा है। उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार में सभी लोगों को इतने ही कार्ड बने हुए थे। खुद को भाजपा का वोटर बताते हुए शख्स कहता है कि नाम कटने से तो कांग्रेस का फायदा हुआ।
'मेरे 2 वोट, ज्ञानेश कुमार ने यही तो किया'
कनॉट प्लेस के पास एक और शख्स ने यूट्यूबर्स के कैमरों के सामने हाथ में अपने दो वोटर कार्ड लेकर कहा कि ज्ञानेश कुमार ने एक नाम काट दिया है। उसने कहा, 'किसी की हिम्मत है तो दिखाओ। ये कटना चाहिए कि नहीं कटना चाहिए। विदेशी मीडिया को बुलाओ। ज्ञानेश कुमार ने क्या किया, यही किया है कि एक नाम काट दिया।'
No comments