08 या 09 नवंबर कब है दिवाली, जानिए तिथि, लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त, पूजा- विधि, मंत्र और आरती
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूरा करके माता सीता और लक्ष्मण जी के साथ अयोध्या लौटे थे। उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर खुशियां मनाई थीं। दिवाली के दिन माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा करने पर घर में सुख-समृद्धि, धन-वैभव और खुशहाली आती है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश भी देता है। इस साल दिवाली का त्योहार 8 नवंबर को मनाया जाएगा। आइए जानते हैं तिथि और लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त…
दिवाली तिथि 2026 (Kab Hai Diwali 2026)
द्रिक पंचांग के अनुसार अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह करीब 11:27 बजे शुरू होकर 9 नवंबर को दोपहर करीब 12:31 बजे तक रहेगी। ऐसे में दिवाली का पर्व 8 नवंबर को ही मनाया जाएगा। क्योंकि इस दिन हमको प्रदोष काल मिल रहा है।
लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त
लक्ष्मी पूजा का मुख्य मुहूर्त शाम 5:54 बजे से रात 7:50 बजे तक है। वहीं इस दौरान वृषभ काल भी रहेगा। इस समय पूजा करना बेहद शुभ माना जाात है।
दिवाली पूजा- विधि
दिवाली के दिन शाम के समय घर की अच्छी तरह साफ-सफाई करके मुख्य द्वार और पूजा स्थल को फूलों, रंगोली और दीपों से सजाएं। इसके बाद पूजा की चौकी पर लाल या पीले रंग का कपड़ा बिछाकर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करें। साथ में भगवान कुबेर और मां सरस्वती का ध्यान भी करें। सबसे पहले भगवान गणेश को तिलक लगाकर फूल, दूर्वा और लड्डू अर्पित करें। इसके बाद माता लक्ष्मी को लाल फूल, कमल, फल, मिठाई, खील-बताशे और सुहाग की सामग्री चढ़ाएं।
साथ ही पूजा के दौरान घी का दीपक जलाएं और धूप-अगरबत्ती से वातावरण को सुगंधित करें। फिर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी के मंत्रों का जाप करते हुए विधि-विधान से पूजा करें। इसके बाद लक्ष्मी-गणेश जी की आरती करें और घर में सुख-समृद्धि, धन-वैभव तथा खुशहाली की कामना करें।
लक्ष्मी प्रार्थना मंत्र
‘नमस्ते सर्वगेवानां वरदासि हरे: प्रिया।
या गतिस्त्वत्प्रपन्नानां या सा मे भूयात्वदर्चनात्।।’
इंद्र प्रार्थना मंत्र
ऐरावतसमारूढो वज्रहस्तो महाबल:।
शतयज्ञाधिपो देवस्तस्मा इन्द्राय ते नम:।।
कुबेर प्रार्थना मंत्र
धनदाय नमस्तुभ्यं निधिपद्माधिपाय च।
भवन्त त्वत्प्रसादान्मे धनधान्यादि सम्पद:।।
श्री लक्ष्मी महामंत्र
ॐ श्रीं ल्कीं महालक्ष्मी महालक्ष्मी एह्येहि सर्व सौभाग्यं देहि मे स्वाहा।।
श्री लक्ष्मी बीज मन्त्र
ॐ श्रींह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं ॐ महालक्ष्मी नम:।।
माता लक्ष्मी की आरती
ओम जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता।
तुमको निशिदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता॥
ओम जय लक्ष्मी माता॥
उमा, रमा, ब्रह्माणी, तुम ही जग-माता।
सूर्य-चंद्रमा ध्यावत, नारद ऋषि गाता॥
ओम जय लक्ष्मी माता॥
दुर्गा रुप निरंजनी, सुख सम्पत्ति दाता।
जो कोई तुमको ध्यावत, ऋद्धि-सिद्धि धन पाता॥
ओम जय लक्ष्मी माता॥
तुम पाताल-निवासिनि, तुम ही शुभदाता।
कर्म-प्रभाव-प्रकाशिनी, भवनिधि की त्राता॥
ओम जय लक्ष्मी माता॥
जिस घर में तुम रहतीं, सब सद्गुण आता।
सब सम्भव हो जाता, मन नहीं घबराता॥
ओम जय लक्ष्मी माता॥
तुम बिन यज्ञ न होते, वस्त्र न कोई पाता।
खान-पान का वैभव, सब तुमसे आता॥
ओम जय लक्ष्मी माता॥
शुभ-गुण मंदिर सुंदर, क्षीरोदधि-जाता।
रत्न चतुर्दश तुम बिन, कोई नहीं पाता॥
ओम जय लक्ष्मी माता॥
महालक्ष्मीजी की आरती, जो कोई जन गाता।
उर आनन्द समाता, पाप उतर जाता॥
ओम जय लक्ष्मी माता॥
No comments