हाथ नहीं, फिर भी भाई के लिए प्यार बेशुमार, पैरों से राखी बांध बहन ने रुलाया
बता दें, वीडियो में एक छोटी बच्ची अपने भाई को जिस तरह राखी बांधती नजर आ रही है, उसे देखकर लोग भावुक हो रहे हैं.
पैरों से भाई को बांधी राखी
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बच्ची सीढ़ियों के पास बैठी दिखाई देती है. उसके दोनों हाथ नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद वह अपने भाई के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए पूरी तरह उत्साहित नजर आती है. वीडियो में बच्ची पहले अपने पैरों की उंगलियों की मदद से भाई के माथे पर तिलक लगाती है. इसके बाद वह पैरों से ही भाई की कलाई पर राखी बांधती है. इतना ही नहीं, राखी बांधने के बाद वह अपने भाई को पैरों की मदद से मिठाई भी खिलाती है.
यही वजह है कि बच्ची का यह अंदाज देखकर सोशल मीडिया यूजर्स उसकी हिम्मत और भाई के प्रति प्यार की तारीफ कर रहे है. इसके साथ ही कई लोगों ने वीडियो पर भावुक कमेंट करते हुए बच्ची के जज्बे को सलाम किया है.
करोड़ों बार देखा गया वीडियो
बता दें, यह वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट @deeva_2024 से शेयर किया गया है. पोस्ट के मुताबिक, वीडियो को अब तक करोड़ों बार देखा जा चुका है और लाखों लोगों ने इसे पसंद किया है. वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोग बच्ची के लिए दुआएं और शुभकामनाएं भी दे रहे हैं.
क्या है इस बच्ची का नाम?
वीडियो में नजर आ रही बच्ची का नाम दिवा चौधरी बताया जा रहा है, जिन्हें परिवार में प्यार से 'डुग्गू' कहा जाता है. बताया जाता है कि दिवा जन्म से ही दोनों हाथों के बिना हैं. हालांकि, उन्होंने इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. दिवा सोशल मीडिया पर 'आर्मलेस फाइटर' के नाम से भी जानी जाती हैं. उनके वीडियो अक्सर लोगों को प्रेरित करते हैं. रक्षाबंधन का यह वीडियो भी यही संदेश देता है कि किसी रिश्ते को निभाने के लिए परिस्थितियां नहीं, बल्कि दिल में मौजूद प्यार और हौसला मायने रखता है.
No comments