' आज ही बनवा लें पिंक सहेली कार्ड, दिल्ली की बसों में मुफ्त सफर के लिए कल से बंद हो रहे पिंक टिकट. - न्यूज़ हिमाचली News Himachali | हिमाचल की No. 1 हिंदी वेबसाइट

Breaking News

आज ही बनवा लें पिंक सहेली कार्ड, दिल्ली की बसों में मुफ्त सफर के लिए कल से बंद हो रहे पिंक टिकट.

Pink Saheli Smart Card : दिल्ली की महिला यात्री अपना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवा लें, वरना एक अगस्त से वे डीटीसी और कलस्टर बसों में मुफ्त सफर नहीं कर पाएंगी। राजधानी में अब तक 17 लाख महिलाएं अपने पिंक सहेली कार्ड बनवा चुकी हैं।

डीटीसी के अधिकारी ने बताया कि एक अगस्त से दिल्ली की बसों में सिर्फ वे महिलाएं फ्री सफर कर पाएंगी, जिनके पास पिंक स्मार्ट कार्ड होगा। एक अगस्त से पिंक टिकट जारी करने पर रोक लग जाएगी। अगर किसी महिला के पास पिंक स्मार्ट कार्ड नहीं होगा तो उन्हें किराया देकर टिकट लेना होगा। नई व्यवस्था के तहत मुफ्त बस यात्रा का लाभ केवल दिल्ली की निवासी महिलाओं को ही मिलेगा।

पिंक सहेली कार्ड बनवाने के लिए दिल्ली के पते पर बना आधार कार्ड होना जरूरी है। ऐसे में दिल्ली में नौकरी, पढ़ाई या अन्य कारणों से रह रहीं बाहरी राज्यों की महिलाओं को मुफ्त सफर का लाभ नहीं मिलेगा। उन्हें बसों में सामान्य यात्री की तरह ही किराया देना होगा।

आगे भी जारी होते रहेंगे पिंक सहेली कार्ड

जिन महिलाओं ने अभी तक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं बनवाया है, वे दिल्ली के निर्धारित 78 केंद्रों पर जाकर इसके लिए आवेदन कर सकती हैं। यह सुविधा सभी पास सेक्शन में, डीटीसी के प्रमुख डिपो पर और मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों में दी गई है। कार्ड बनाने यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

डीटीसी की बस में ऐसे मिलेगा फ्री टिकट

बस में सवार होने पर महिला यात्री को कंडक्टर को अपनी यात्रा के अंतिम स्टॉप के बारे में जानकारी देनी होगी। कंडक्टर यह ब्योरा इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ईटीएम) पर दर्ज करेगा और महिला का पिंक कार्ड ईटीएम मशीन पर टैप करेगा। इसके टैप होते ही महिला को टिकट जारी हो जाएगा और यात्रा का रिकॉर्ड भी सर्वर पर दर्ज हो जाएगा।

डीटीसी के अधिकारी का कहना है कि स्मार्ट कार्ड प्रणाली लागू होने से एक ही कार्ड का दुरुपयोग, फर्जी टिकट और रिकॉर्ड संबंधी गड़बड़ियों पर रोक लगेगी। सरकार को लाभार्थियों का सटीक डिजिटल डेटा भी उपलब्ध होगा, जिससे योजना के संचालन और निगरानी में आसानी होगी।

गौरतलब है कि, दिल्ली सरकार ने मौजूदा कागज आधारित पिंक टिकट व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से समाप्त कर स्मार्ट कार्ड आधारित प्रणाली लागू करने का फैसला किया है, ताकि मुफ्त बस यात्रा योजना का लाभ इसी माध्यम से दिया जा सके।

दिल्ली के परिवाहन मंत्री पंकज सिंह ने हाल ही में बताया था कि दिल्ली सरकार इस बात के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक पात्र महिला को डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती रहे। किसी को भी घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। पिंक टिकट 31 जुलाई तक मान्य रहेंगे और एक अगस्त से 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' रखने वाली महिलाएं पहले की तरह मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने उन महिलाओं ने जल्द से जल्द पिंक कार्ड बनवाने की अपील की, जिन्होंने अब तक कार्ड नहीं बनवाया है।

No comments