'CM योगी मेरे लिए बड़े भाई...', केरल की अरुंधति ने लिखा भावुक खत, मुख्यमंत्री को दिया शादी का न्योता
अब अपनी जिंदगी की नई शुरुआत के मौके पर अरुंधति ने CM योगी को एक भाई के रूप में अपने हाथ से दो पन्नों का भावुक पत्र लिखा. अब उन्होंने सीएम को ये पत्र भेजकर विवाह में शामिल होने का न्योता दिया और उनका आशीर्वाद मांगा है.
एक वीडियो ने बदल दिया नजरिया
अरुंधति बचपन में छोटी-छोटी बातों पर भावुक होकर रो पड़ती थीं. दोस्तों की बातें सुनकर उन्हें लगने लगा था कि भावुक होना कमजोरी है. इसी दौरान उनके चचेरे भाई ने उन्हें योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया, जिसमें वह भावुक नजर आ रहे थे. भाई ने उन्हें समझाया कि योगी की तरह भावुक होने के बजाय मजबूत बना जा सकता है. इस अनुभव ने अरुंधति को अपनी भावनाओं को स्वीकार करना सिखाया. इसलिए इस पत्र में अरुंधति ने लिखा है, 'जब भी मैं खुद पर संदेह करती हूं, तब आपसे मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है.'
'CM योगी मेरे लिए बड़े भाई की तरह'
अरुंधति और राहुल का विवाह 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में होना है. इस खास अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समारोह में शामिल होकर नवदंपती को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है. इस पत्र में उन्होंने लिखा, 'मेरे लिए आप एक नेता से कहीं बढ़कर हैं. मैंने आपको हमेशा एक बड़े भाई की तरह देखा है, जिसकी यात्रा ने मुझे हिम्मत और प्रेरणा दी है.'
'CM योगी अवश्य देंगे आशीर्वाद'
अरुंधति ने आगे मुख्यमंत्री की व्यस्तताओं को समझते हुए यह भी कहा कि यदि उनका समारोह में पहुंचना संभव न हो, तो उनका शुभकामना संदेश और आशीर्वाद भी उनके लिए बेहद अनमोल होगा. अरुंधति की यह भावुक पहल उस सीख के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है, जिसने उन्हें अपनी संवेदनशीलता को कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत के रूप में देखना सिखाया. अब उन्हें उम्मीद है कि जीवन के इस खास दिन पर उनके प्रेरणास्रोत का आशीर्वाद अवश्य मिलेगा.
No comments