' गर्भवती महिला की मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, छह पुलिसकर्मी निलंबित - न्यूज़ हिमाचली News Himachali | हिमाचल की No. 1 हिंदी वेबसाइट

Breaking News

गर्भवती महिला की मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, छह पुलिसकर्मी निलंबित

शिकोहाबाद के लभौआ गांव में एक गर्भवती महिला अंजलि की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट में मौत का कारण गर्भाशय (यूट्रस) का फटना बताया गया है और शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई है।

महिला का हीमोग्लोबिन स्तर भी काफी कम था। परिजनों का आरोप है कि रविवार रात पति को हिरासत में लेने आई पुलिस टीम के साथ हुई धक्का-मुक्की के दौरान एक उपनिरीक्षक ने महिला के पेट में लात मारी थी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

घटना के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने सोमवार सुबह एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद स्थिति गंभीर होने पर उसे फिरोजाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने लापरवाही के आरोप में दो उपनिरीक्षकों समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भी मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में पुलिसकर्मियों के बयान, मेडिकल रिकॉर्ड और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।

No comments