' लिवर से लेकर दिमाग तक खतरा, गर्म खाने में घुल सकते हैं स्याही के रसायन, अखबार पर रखा समोसा-पकौड़ी पड़ सकती है सेहत पर भारी - न्यूज़ हिमाचली News Himachali | हिमाचल की No. 1 हिंदी वेबसाइट

Breaking News

लिवर से लेकर दिमाग तक खतरा, गर्म खाने में घुल सकते हैं स्याही के रसायन, अखबार पर रखा समोसा-पकौड़ी पड़ सकती है सेहत पर भारी

अखबार की छपाई में इस्तेमाल होने वाली स्याही में विभिन्न रसायन, रंग, बाइंडर, खनिज तेल से जुड़े पदार्थ और कुछ मामलों में सीसा जैसी भारी धातुएं मौजूद हो सकती हैं. जब गर्म समोसा, पकौड़ी या दूसरी तली हुई चीजें अखबार पर रखी जाती हैं, तो स्याही में मौजूद हानिकारक पदार्थ खाने में पहुंच सकते हैं.

इसके अलावा, अखबार कई लोगों के हाथों से गुजरते हैं और अलग-अलग स्थानों पर रखे जाते हैं. ऐसे में उन पर धूल, गंदगी और सूक्ष्मजीवों के जमा होने की आशंका भी रहती है.

लिवर से लेकर दिमाग तक पर असर का खतरा

विशेषज्ञों के मुताबिक, दूषित पैकेजिंग सामग्री के संपर्क में आने से हानिकारक रसायन शरीर में पहुंच सकते हैं. सीसे के संपर्क में आने से तंत्रिका तंत्र, मस्तिष्क और अन्य अंगों को नुकसान पहुंच सकता है. लंबे समय तक या अधिक मात्रा में संपर्क विशेष रूप से बच्चों के विकास के लिए नुकसानदेह हो सकता है. गर्भवती महिलाओं को भी ऐसे संभावित खतरों से बचने की जरूरत है, क्योंकि सीसे और कुछ अन्य हानिकारक रसायनों का संपर्क गर्भस्थ शिशु के विकास को प्रभावित कर सकता है.

केवल सुरक्षित खाद्य पैकेजिंग का करें इस्तेमाल

खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने दुकानदारों, होटलों और खाद्य कारोबारियों को खाने की चीजें परोसने तथा पैक करने के लिए केवल खाद्य पदार्थों के संपर्क में इस्तेमाल के लिहाज से सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री अपनाने की सलाह दी है. खाना रखने के लिए इस्तेमाल होने वाले कागज, डिब्बे, प्लेट और कप भी खाद्य-उपयोग के लिए उपयुक्त होने चाहिए. अखबार और छपे हुए पर्चों का इस्तेमाल खाद्य पदार्थों को लपेटने या परोसने के लिए नहीं करना चाहिए.

दुकानदारों के साथ ग्राहकों की भी जिम्मेदारी

समोसे, पकौड़ी और अन्य खाद्य पदार्थों को स्टेनलेस स्टील के साफ बर्तनों, कांच के बर्तनों या खाद्य पदार्थों के लिए सुरक्षित प्रमाणित प्लेटों में परोसना बेहतर है. पत्तों से बनी प्लेटों का इस्तेमाल भी तभी करना चाहिए, जब वे साफ हों और खाद्य उपयोग के लिए उपयुक्त हों. ग्राहकों को भी दुकानदारों से अखबार के बजाय सुरक्षित पैकेजिंग सामग्री इस्तेमाल करने का आग्रह करना चाहिए.

यदि किसी दुकान पर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन दिखाई देता है, तो इसकी शिकायत भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट www.fssai.gov.in के माध्यम से की जा सकती है. छोटी-सी सावधानी जरूरी: समोसा या पकौड़ी खाते समय स्वाद के साथ उसकी पैकेजिंग पर भी ध्यान दें. अखबार पर रखा खाना लेने से बचें और दुकानदारों को भी सुरक्षित विकल्प अपनाने के लिए प्रोत्साहित करें.

No comments