मेडिकल डिग्री देकर यूनिवर्सिटी की वेबसाइट तक पर अपलोडिंग, राजस्थान में फर्जी डॉक्टर बनाने वाले गैंग का खुलासा
अफसरों ने बताया कि उन्होंने बताया कि मामले में गिरोह के तीन कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
11वीं तक पढ़ा शख्स बन गया था जूनियर रेजिडेंट
अधिकारियों ने बताया कि मामले के संबंध में पूर्व में गिरफ्तार किए गए रामकिशोर महावर से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों का पता चला। उन्होंने बताया कि महावर केवल 11वीं कक्षा तक पढ़ा है और उसने कथित तौर पर फर्जी डिग्रियों के आधार पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम किया था।
गैंग लाखों रुपये लेकर देता था फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि गिरोह लाखों रुपये लेकर पिछली तारीखों की एमबीबीएस, एमडी और अन्य मेडिकल डिग्रियां उपलब्ध कराता था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सत्यजीत पाणिग्रही, मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी मनीष मांझी और उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी खुर्रम तौफीक के रूप में हुई है।
ऐसे काम करता था ये गैंग
अधिकारी ने बताया कि पाणिग्रही सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था जबकि मांझी फर्जी दस्तावेज तैयार करवाता था और तौफीक उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करता था। बंसल के अनुसार, महावर ने फर्जी एमबीबीएस और एमडी (स्त्री रोग) की डिग्रियों के आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराया था और इसके बाद उसने जून 2025 से सफदरजंग अस्पताल में संविदा पर जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम किया।
फर्जी डिग्री पर सोनोग्राफी तक कर डाली
उन्होंने बकाया कि महावर ने फर्जी डिप्लोमा के आधार पर विभिन्न अस्पतालों में सोनोग्राफी भी की। यह मामला अक्टूबर 2024 में राजस्थान मेडिकल काउंसिल की शिकायत पर जयपुर के अशोक नगर थाने में दर्ज किया गया था हालांकि बाद में जांच एसओजी को सौंप दी गई। बंसल ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और फर्जी डिग्रियों के आधार पर पंजीकरण कराने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
No comments