UP में 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, होली पर 4 दिन का अवकाश; 3 पर्वों पर बड़ा ऐलान
UP Holiday Calendar 2027: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है. नए कैलेंडर में कुल 26 सार्वजनिक अवकाश घोषित किए गए हैं.
इसके अलावा कर्मचारियों को 27 निर्बंधित अवकाश और कार्यकारी आदेशों के तहत दो अन्य छुट्टियों का लाभ भी मिलेगा. इस बार छुट्टियों की सूची में तीन बड़े बदलाव किए गए हैं. मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है.
खास बात यह है कि साल 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी प्रस्तावित हैं. ऐसे में इन तीनों पर्वों को सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल किए जाने को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है. खासकर संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि जयंती का दलित समाज में विशेष महत्व है.
होली पर लगातार 4 दिन और दिवाली पर 3 दिन की छुट्टी
साल 2027 में सरकारी कर्मचारियों को होली और दिवाली के मौके पर लगातार छुट्टियों का फायदा मिलेगा. कैलेंडर के अनुसार, 22 मार्च को होलिका दहन और 23 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा. पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले सरकारी कार्यालयों में शनिवार से मंगलवार तक लगातार चार दिन की छुट्टी रहेगी. इससे कर्मचारियों को त्योहार मनाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा. वहीं, दिवाली 29 अक्टूबर को शुक्रवार के दिन पड़ रही है. इसके अगले दिन यानी 30 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा का अवकाश रहेगा. इसके बाद रविवार होने के कारण कर्मचारियों को लगातार तीन दिन की छुट्टी मिलेगी.
शनिवार और रविवार को पड़ रहे कई सार्वजनिक अवकाश
नए कैलेंडर में जहां कई त्योहारों पर लंबी छुट्टियां मिल रही हैं, वहीं कुछ सार्वजनिक अवकाश शनिवार और रविवार को पड़ रहे हैं. इससे कर्मचारियों को अतिरिक्त छुट्टी का लाभ नहीं मिल पाएगा. 20 फरवरी को संत रविदास जयंती, 6 मार्च को महाशिवरात्रि, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती, 6 अक्टूबर को विजयादशमी, 30 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा और 25 दिसंबर को क्रिसमस का अवकाश शनिवार को पड़ रहा है. इसी तरह 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, 31 अक्टूबर को भैया दूज, 14 नवंबर को गुरु नानक जयंती और 12 दिसंबर को हजरत अली का जन्मदिवस रविवार को पड़ रहा है.
कर्मचारियों को मिलेंगी कुल कितनी छुट्टियां?
सरकार की ओर से जारी कैलेंडर के मुताबिक, राज्य के सरकारी कर्मचारियों को वर्ष 2027 में कुल 26 सार्वजनिक अवकाश मिलेंगे. इसके अलावा 27 निर्बंधित अवकाश और कार्यकारी आदेशों के तहत घोषित दो छुट्टियां भी कैलेंडर में शामिल हैं. सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले विभागाध्यक्ष कार्यालयों और अन्य सरकारी कार्यालयों में कार्यकारी आदेशों के तहत घोषित छुट्टियां लागू नहीं होंगी. इसके साथ ही जिलाधिकारियों की ओर से घोषित स्थानीय अवकाश भी इन कार्यालयों पर लागू नहीं होंगे.
इस बार छुट्टियों के कैलेंडर में सबसे ज्यादा चर्चा मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की है. पहले इन पर्वों पर कर्मचारियों को निर्बंधित अवकाश लेने का विकल्प मिलता था, लेकिन अब इन्हें सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल कर दिया गया है.
संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि को दलित समाज में बेहद सम्मान के साथ याद किया जाता है. वहीं, मकर संक्रांति का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है. ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इन पर्वों पर सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है.
No comments