वीवीएस लक्ष्मण बनेंगे भारतीय टीम के नए चीफ सेलेक्टर? जानिए मुख्य चयनकर्ता बनने पर कितना मिलेगा पैसा
अगर ऐसा होता है, तो भारतीय क्रिकेट चयन समिति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. अजीत अगरकर को जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का चीफ सेलेक्टर नियुक्त किया गया था. उनका तय कार्यकाल इस साल जून में ही समाप्त हो चुका था. हालांकि, बोर्ड ने आगामी दौरों और टीम के स्थायित्व को ध्यान में रखते हुए उनके कार्यकाल को तीन महीने के लिए आगे बढ़ा दिया था. यह बढ़ा हुआ समय भी अब सितंबर में पूरा होने जा रहा है. अगर लक्ष्मण चीफ सेलेक्टर बनते हैं तो उनकी सालाना सैलरी कितनी होगी. आइए जानते हैं.
पहले क्रिकेट गलियारों में इस बात की पुरजोर चर्चा थी कि बीसीसीआई अजीत अगरकर (Ajit Agarkar) के कार्यकाल को वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक विस्तार दे सकती है. लेकिन दैनिक जागरण की रिपोर्ट के बाद समीकरण बदलते दिख रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, चयन समिति में नया चेहरा लाने की सुगबुगाहट तेज है और इस रेस में वीवीएस लक्ष्मण का नाम सबसे आगे चल रहा है.
अगर लक्ष्मण बने चीफ सेलेक्टर, तो कितनी होगी सैलरी?
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अगर वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) टीम इंडिया के मुख्य चयनकर्ता का पद संभालते हैं, तो उन्हें सालाना कितना वेतन मिलेगा? इस सवाल का जवाब जानने के लिए चयनकर्ताओं के मौजूदा पे-स्ट्रक्चर को समझना होगा. तीन साल पहले तक भारतीय टीम के चीफ सेलेक्टर को सालाना 1 करोड़ रुपये की सैलरी मिलती थी. लेकिन बीसीसीआई ने इस पद की जिम्मेदारी और महत्ता को देखते हुए तीन साल पहले ही सैलरी स्ट्रक्चर में बड़ा इजाफा किया था. इस बढ़ोतरी के बाद मुख्य चयनकर्ता का सालाना पैकेज बढ़ाकर 3 करोड़ रुपये कर दिया गया था. अजीत अगरकर इस बढ़े हुए 3 करोड़ रुपये के सालाना पैकेज को पाने वाले देश के पहले चीफ सेलेक्टर बने थे. फिलहाल चीफ सेलेक्टर की सैलरी में किसी नई बढ़ोतरी की कोई आधिकारिक रिपोर्ट या प्रस्ताव नहीं है. ऐसे में यदि वीवीएस लक्ष्मण बोर्ड का यह प्रस्ताव स्वीकार करते हैं और चीफ सेलेक्टर बनते हैं, तो उन्हें भी बतौर मुख्य चयनकर्ता सालाना 3 करोड़ रुपये की ही सैलरी मिलेगी. वहीं, चयन समिति के अन्य चार सदस्यों को सालाना 90 लाख रुपये का वेतन दिया जाता है.
लक्ष्मण की मौजूदा भूमिकाएं और उनकी कमाई का खाका
वीवीएस लक्ष्मण वर्तमान में बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (पूर्व में नेशनल क्रिकेट एकेडमी यानी NCA) के हेड के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. हालांकि, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख के तौर पर उनके सटीक सालाना वेतन का कोई आधिकारिक ब्योरा सार्वजनिक नहीं है, लेकिन यह पद भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली पदों में से एक माना जाता है. इसके अलावा, लक्ष्मण भारतीय सीनियर टीम के कार्यवाहक हेड कोच की भूमिका भी बखूबी निभाते रहे हैं. जब भी मुख्य कोच को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया जाता है, तो लक्ष्मण टीम के साथ दौरे पर जाते हैं.
हाल ही में जब मुख्य कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) को कार्यभार के प्रबंधन के लिए आराम दिया गया था, तब बीसीसीआई ने लक्ष्मण को जिम्बाब्वे दौरे पर गई भारतीय टी-20 टीम का हेड कोच बनाकर भेजा था. इससे पहले जब राहुल द्रविड़ भारतीय टीम के नियमित हेड कोच थे, तब भी लक्ष्मण ने कई विदेशी दौरों पर कार्यवाहक कोच की कमान संभाली थी. उस दौरान नियम के मुताबिक, किसी सीरीज में कार्यवाहक कोच बनने पर लक्ष्मण को नियमित हेड कोच की सालाना सैलरी का लगभग 4.16 प्रतिशत हिस्सा दैनिक या सीरीज के आधार पर प्राप्त होता था. माना जा रहा है कि गौतम गंभीर के दौर में भी उन्हें इस अस्थायी कोचिंग रोल के लिए इसी अनुपात में भुगतान किया जाता है.
वीवीएस लक्ष्मण को चीफ सेलेक्टर बनने पर सालाना कितना मिलेगा पैसा?
फैसले का समय पास
अजीत अगरकर का बढ़ा हुआ कार्यकाल सितंबर में समाप्त हो रहा है, जिससे बीसीसीआई के पास निर्णय लेने के लिए बहुत कम समय बचा है. बोर्ड या तो अगरकर पर भरोसा कायम रखते हुए उन्हें 2027 वर्ल्ड कप तक के लिए एक्सटेंशन देगा या फिर वीवीएस लक्ष्मण के अनुभव को देखते हुए उन्हें चयन समिति की कमान सौंपेगा. लक्ष्मण का चयन समिति में आना भारतीय क्रिकेट के प्रशासनिक और चयन ढांचे में एक बड़ा कदम साबित हो सकता है.
No comments