' 'छेड़छाड़ या वोट की चोरी?', महिला कॉन्स्टेबल से बदसलूकी पर कंचन गुप्ता का तीखा पोस्ट - न्यूज़ हिमाचली News Himachali | हिमाचल की No. 1 हिंदी वेबसाइट

Breaking News

'छेड़छाड़ या वोट की चोरी?', महिला कॉन्स्टेबल से बदसलूकी पर कंचन गुप्ता का तीखा पोस्ट

दिल्ली के जंतर-मंतर के पास कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब महिला पुलिस कॉन्स्टेबल से कथित बदसलूकी का मामला भी सामने आया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ सलाहकार कंचन गुप्ता ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस मामले को उठाया है।

उन्होंने एक वीडियो का हवाला देते हुए ड्यूटी पर तैनात युवा महिला कॉन्स्टेबल के साथ कथित छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।

कंचन गुप्ता ने पोस्ट में क्या कहा?

कंचन गुप्ता ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'छेड़छाड़ या वोट की चोरी?' राहुल गांधी का नाम लिए बगैर उन्होंने आरोप लगाया कि 56 साल का एक व्यक्ति ड्यूटी पर तैनात दिल्ली पुलिस की युवा महिला कॉन्स्टेबल को पकड़ते और उनसे छेड़छाड़ करते हुए देखा गया। उन्होंने अपनी पोस्ट में इस हरकत की आलोचना की और लिखा कि सभ्य समाज में ऐसी हरकत के लिए उसे 'गंदा बूढ़ा आदमी' कहा जा सकता है। उन्होंने आगे लिखा, 'उन्हें शर्म आनी चाहिए।'

पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट की भी जांच

उधर, जंतर-मंतर के पास कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट का मामला भी सामने आया है। दिल्ली पुलिस मोबाइल फोन से शूट किए गए कई वीडियो की जांच कर रही है। इनमें महिला अधिकारियों और कॉन्स्टेबल समेत पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

BNS की धाराओं में FIR की तैयारी

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, सरकारी कर्मचारियों पर हमले, उनके काम में बाधा डालने और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में FIR दर्ज की जाएगी। पुलिस वीडियो के जरिए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही कथित मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़े इन घटनाक्रमों के बीच पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

No comments