' बिहार में बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ा ऐलान, सीएम सम्राट चौधरी खाते में भेजेंगे सात-सात हजार रुपये - न्यूज़ हिमाचली News Himachali | हिमाचल की No. 1 हिंदी वेबसाइट

Breaking News

बिहार में बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ा ऐलान, सीएम सम्राट चौधरी खाते में भेजेंगे सात-सात हजार रुपये

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। बता दें कि बिहार में एक बार कई जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और सीएम सम्राट चौधरी ने खुद इन इलाकों का हवाई सर्वे किया है।

इसके बाद यह ऐलान किया गया है कि बाढ़ प्रभावित सभी परिवारों के खाते में नौ अक्तूबर को सात-सात हजार रुपये हस्तांतरित किये जाएंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी डीबीटी के माध्यम से राशि भेजेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ऐसे परिवारों को चिन्हित कर अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा प्रभावित लोगों तक पर्याप्त मात्रा में सूखा राशन एवं अन्य राहत सामग्री, पशुओं के लिए समुचित चारा एवं आश्रय की व्यवस्था का निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को पश्चिम चंपारण और अन्य जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, नदियों के जलस्तर तथा सारण जिले के मकेर प्रखंड में टूटे हुए तटबंध का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद पश्चिम चंपारण के बैरिया प्रखंड के बथना स्थित पीएम प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। इधर, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने जिलाधिकारियों के साथ बैठक में बाढ़ प्रभावित परिवारों को दी जाने वाली सहायता राशि के वितरण की तैयारियों की समीक्षा की। इससे पहले 15 सितंबर को आठ लाख से अधिक बाढ़ पीड़ितों के खाते में राशि भेजी गई थी।

बाढ़ का स्थायी समाधान होगा- सम्राट चौधऱी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नेपाल की तराई से पानी आने के कारण बिहार मे बाढ़ की विकट स्थिति उत्पन्न हुई है। कोसी एवं महानंदा नदी का सर्वे कराया जा रहा है, ताकि बाढ़ की समस्या का समग्र अध्ययन कर स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जा सके।मुख्यमंत्री ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई सर्वेक्षण के बाद समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य करने के लिए हर स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं। अगले दो-तीन दिनों में पानी निकलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित आबादी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में सामुदायिक रसोई का संचालन लोगों के घरों में वापस लौटने तथा स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक करें। पश्चिम चंपारण के बैरिया प्रखंड के बथना स्थितजिला स्तरीय कंट्रोल रूम में बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा बैठक की। वहीं, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने नदियों के जलस्तर एवं तटबंधों की स्थिति की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि इस बार नेपाल की ओर से अब तक सबसे अधिक पानी आया है। बगहा, रेवा घाट, लालगंज एवं गोपालगंज में उच्चतम जलस्तर रिकॉर्ड किया गया है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी उपस्थित थे।

No comments