नशे में धुत पुलिसकर्मी ने स्कूल से लाैट रही 12 साल की अनाथ बच्ची को कार से कुचला, Video
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची कार के नीचे फंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। हादसे के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी की पहचान हवलदार अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली है। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के वक्त हवलदार नशे में था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
कार में मिली शराब की बोतल, सिगरेट और लाइटर:
प्रत्यक्षदर्शियों और अंबेडकर समाज दल के यूथ प्रेसिडेंट राहुल सोरी के मुताबिक, हादसे के बाद जब लोगों ने कार की तलाशी ली तो उसमें से शराब की बोतल, सिगरेट और लाइटर बरामद हुए। राहुल सोरी ने आरोप लगाया कि हवलदार नशे की हालत में इतना ज्यादा था कि उसे उल्टियां हो रही थीं और वह ठीक से खड़ा तक नहीं हो पा रहा था। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी लोगों को यातायात नियमों का पालन करवाने की है, लेकिन अगर पुलिसकर्मी ही नशे में वाहन चलाकर लोगों की जान खतरे में डालेंगे तो
आम जनता की सुरक्षा कैसे होगी?
बच्ची को कुचलने के बाद भागने लगा हवलदार:
अंबेडकर समाज दल के पंजाब चेयरमैन विक्की के मुताबिक, बच्ची को टक्कर मारने के बाद हवलदार ने मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने उसकी कार को चारों तरफ से घेर लिया और उसे भागने नहीं दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मामला पुलिसकर्मी से जुड़ा होने के बावजूद उसे किसी तरह की राहत नहीं मिलनी चाहिए।
अनाथ बच्ची को पाल रही हैं बुआ:
इस हादसे में घायल बच्ची की पारिवारिक स्थिति भी बेहद दर्दनाक है। उसकी देखभाल करने वाली बुआ प्रीति ने बताया कि बच्ची के माता-पिता और दादा-दादी का पहले ही निधन हो चुका है। वह ही उसे मां की तरह पाल रही हैं। प्रीति के मुताबिक, परिवार किराये के मकान में रहता है और घर के सदस्य दिव्यांग हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्ची के इलाज का खर्च उठाना उनके लिए बेहद मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन से बच्ची का इलाज निशुल्क करवाने और आरोपी हवलदार को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। अंबेडकर समाज दल ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई:
घटना की जानकारी मिलते ही सुल्तानविंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी हवलदार को हिरासत में लेकर उसकी कार जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार, घायल बच्ची का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है। वहीं, आरोपी हवलदार की भी मेडिकल जांच कराई जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
No comments