15 दिन खुदाई, 3.17 कैरेट का हीरा, कीमत 1500000 रुपये, ऑटो रिक्शा चालक सोनू रैकवार ने मारी बाजी
अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ऑटो रिक्शा चालक सोनू रैकवार ने रानीपुर क्षेत्र में उथली हीरे की खदान शुरू की थी।
इसी खदान में उसे 3.17 कैरेट का बेशकीमती हीरा मिला। पन्ना के हीरा अधिकारी शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि रैकवार ने हीरा कार्यालय में हीरा जमा करा दिया है, जिसे आगामी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। रैकवार परिवार का भरण-पोषण करने के लिए पन्ना में ऑटो चलाता है। परिजनों की सलाह पर उसने हीरा कार्यालय से जमीन का पट्टा लिया और रानीपुर क्षेत्र में पहली बार उथली खदान शुरू की।
रैकवार ने कहा, ''करीब 15 दिन तक खुदाई करने के बाद मुझे 3.17 कैरेट का हीरा मिला। नीलामी से मिलने वाली रकम से मैं दोबारा खनन शुरू करूंगा और इससे बड़े हीरे की तलाश जारी रखूंगा।'' विशेषज्ञ अनुपम सिंह ने बताया कि रैकवार को मिला हीरा रत्न गुणवत्ता का है और बाजार में इसकी अच्छी मांग है।
No comments